डिंडौरी। सीईओ जिला पंचायत डिंडौरी ने जानकारी दी है कि जिले की ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत स्तर पर संचालित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत निर्माण कार्यों में लगी मजदूरी का भुगतान लगातार किया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा जारी राशि के माध्यम से अब तक लगभग 4 करोड़ 34 लाख रुपये की लंबित श्रमिक मजदूरी का सफलतापूर्वक भुगतान किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि शेष बकाया मजदूरी के भुगतान की प्रक्रिया भी शासन स्तर पर निरंतर जारी है। प्रशासन द्वारा इस पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और सभी श्रमिकों को समय पर उनका पारिश्रमिक मिल सके। जिला पंचायत स्तर से भुगतान प्रक्रिया को तेज करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मनरेगा श्रमिकों को उनके श्रम का पूरा मूल्य समयबद्ध रूप से प्राप्त हो, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और श्रमिकों को आर्थिक संबल मिल सके।
सोर्स: —जनसंपर्क विभाग डिंडौरी।


