भोपाल। राज्य शिक्षा केन्द्र, भोपाल ने शिक्षा का अधिकार एवं समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्रदेश की शासकीय शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए स्थानीय वार्षिक मूल्यांकन सत्र 2025-26 की समय-सारणी जारी कर दी है। यह मूल्यांकन कक्षा 3, 4, 6 एवं 7 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जाएगा।
— जारी आदेश के मुताबिक
राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार वार्षिक मूल्यांकन का आयोजन 09 मार्च 2026 से 17 मार्च 2026 के बीच किया जाएगा। परीक्षा का संचालन संलग्न समय-सारणी (परिशिष्ट-1 एवं परिशिष्ट-2) के अनुसार किया जाएगा, जिसे राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया है।

अपर संचालक डॉ. अरूण सिंह द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश के समस्त जिलों के कलेक्टरों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराई जा सके।

इस आदेश की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, आयुक्त लोक शिक्षण, आयुक्त जनजाति कार्य विभाग, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारियों सहित शिक्षा विभाग के समस्त संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। साथ ही आईसीटी शाखा को यह आदेश शिक्षा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। राज्य शिक्षा केन्द्र के इस निर्णय से विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के शैक्षणिक मूल्यांकन को एक समान रूप से संपन्न कराने में सुविधा मिलेगी तथा शैक्षणिक गुणवत्ता के आकलन में भी मदद मिलेगी।
सोर्स:— राज्य शिक्षा केन्द्र, भोपाल।
