डिंडौरी। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बजाग रामबाबू देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को बजाग रैयत में स्मार्ट फिश लेआउट निर्माण एवं इससे संबंधित विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारा पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष ने कहा कि स्मार्ट फिश लेआउट परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में आधुनिक तकनीक से मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे न केवल मछली उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों, विशेषकर मत्स्य पालकों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन ने बताया कि इस परियोजना के तहत आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा, जिससे मत्स्य पालन कार्य वैज्ञानिक पद्धति से किया जा सकेगा। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के हितग्राहियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और मत्स्य उत्पादन के साथ-साथ विपणन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणजन एवं हितग्राही बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
सोर्स:- जनसम्पर्क विभाग डिंडौरी।
