डिंडौरी। जिला प्रशासन ने सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशों के पालन में जनपद पंचायत समनापुर में प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव कर आदेश जारी किया गया है।
— जारी आदेश के मुताबिक
कलेक्टर कार्यालय डिण्डौरी द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग राज्य सेवा परीक्षा 2024 के परिणाम के आधार पर प्रशासनिक सेवा में चयनित अभ्यर्थी और पूर्व समनापुर जनपद पंचायत सीईओ जतिन कुमार ठाकुर को मध्यप्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा में परिवीक्षाधीन उप जिलाध्यक्ष (डिप्टी कलेक्टर) के पद पर नियुक्त किया गया है।
वहीं पत्र में उल्लेख है कि मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल द्वारा जारी आदेश दिनांक 28 जनवरी 2026 के तहत ठाकुर को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर अस्थायी रूप से नियुक्त करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग में शर्तों के अधीन पदस्थ किया गया है।
इसी क्रम में जतिन कुमार ठाकुर, जो पूर्व में विकास खण्ड अधिकारी एवं प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत समनापुर के पद पर कार्यरत थे, उनके द्वारा प्रस्तुत आवेदन पत्र दिनांक 29 जनवरी 2026 के आधार पर उन्हें दिनांक 30 जनवरी 2026 को भोपाल स्थित आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में उपस्थिति दर्ज कराने हेतु भारमुक्त किया गया है।
प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर द्वारा आदेश जारी कर जनपद पंचायत समनापुर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार पंकज जैन, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिण्डौरी को आगामी आदेश पर्यन्त तक सौंपा गया है। उन्हें प्रशासनिक एवं वित्तीय दोनों प्रकार के अधिकारों के साथ यह जिम्मेदारी दी गई है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभावशील होगी। साथ ही आदेश की प्रतिलिपि शासन के संबंधित विभागों, आर.सी.व्ही.पी. अकादमी भोपाल, महालेखाकार कार्यालय, आयुक्त जबलपुर संभाग सहित अन्य अधिकारियों को सूचनार्थ एवं पालनार्थ प्रेषित की गई है। इस नियुक्ति के बाद जिले में प्रशासनिक स्तर पर एक नई जिम्मेदारी तय हुई है, जिससे समनापुर जनपद पंचायत में कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी ।
