डिंडौरी। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु मध्यप्रदेश शासन के प्रमुख सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में कृषि विभाग सहित मत्स्य, उद्यानिकी, पशुपालन एवं डेयरी, एनआरएलएम, सहकारिता, उद्योग, कौशल विकास, राजस्व, आत्मा, कृषि अभियांत्रिकी, वाटरशेड एवं कृषि विज्ञान अनुसंधान केंद्र सहित अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिले की ब्रांड एम्बेसडर मिलेट्स क्वीन सुश्री लहरी बाई द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई। सुश्री लहरी बाई द्वारा मिलेट्स सहित 150 से अधिक पारंपरिक बीजों का संरक्षण किया गया है तथा पारंपरिक बीज बैंक एवं विनिमय प्रणाली के माध्यम से किसानों को बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उन्हें वर्ष 2021-22 में पादप जीनोम संरक्षक किसान सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
कृषि विभाग द्वारा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए कृषि रथ के माध्यम से जिले के 105 ग्रामों में भ्रमण कर दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
बैठक में योजना के अंतर्गत कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधिकरण, टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने, फसल कटाई उपरांत प्रबंधन, सिंचाई संरचनाओं में सुधार, जैविक संसाधन आधारित इकाइयों के विकास तथा दलहन-तिलहन, मशरूम, बांस एवं पुष्प उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही पशुपालन, मत्स्य पालन, बकरी, शहद, कुक्कुट एवं गोवंश आधारित आजीविका सशक्तिकरण, फसल ऋण वितरण, राइस मिल एवं वेयरहाउस स्थापना, किसानों को उचित मूल्य दिलाने, छोटी कृषि जोतों के विस्तार, पलायन में कमी तथा असिंचित भूमि को सिंचित बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक में जिले के जैविक उत्पादों के प्रभावीकरण, ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग को मजबूत करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। वीडियो कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर डिंडौरी अंजू पवन भदौरिया, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




