डिंडौरी। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के निर्देशन में संचालित “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत विकासखंड शहपुरा की ग्राम पंचायत मानिकपुर में लोक कल्याणकारी एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक सीधे पहुँचाना रहा।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत 17 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिससे गांव स्तर पर पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास सेवाओं को और सशक्त किया जाएगा। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाली कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया, वहीं ग्रामीण महिलाओं ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जनपद अध्यक्ष शहपुरा प्रियंका आर्मो, सरपंच मानिकपुर गीता मरावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन एवं भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर मानिकपुर में स्वीकृत 33 केवी विद्युत सब स्टेशन का भूमिपूजन भी किया गया। विधायक श्री धुर्वे ने कहा कि शासन किसानों के हित में सौर ऊर्जा आधारित पंप एवं विद्युत सुविधाओं का विस्तार कर रहा है, जिससे सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा पानी, सड़क, विद्युत, पेंशन एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याएं रखी गईं, जिन पर कलेक्टर द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को 15 दिवस में समाधान के निर्देश दिए गए।
लोक कल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर में कुल 1830 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैकड़ों ग्रामीणों का परीक्षण कर दवाइयों एवं चश्मों का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी, मातृ वंदना, बाल आशीर्वाद योजनाओं के लाभ भी प्रदान किए गए। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि जिले के जनजातीय अंचलों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा शासन की योजनाएं घर-घर तक पहुँचेंगी।




