डिंडौरी। जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भरोठी–मानिकपुर मार्ग पर आज दिन रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना बरबसपुर रोड के पास उस समय हुई, जब तेज रफ्तार प्लेटिना बाइक अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर दो लोग सवार थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक पुल से टकरा गई, जिससे पीछे बैठे व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान की जा रही है, वहीं फरार बाइक चालक की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




