डिंडौरी। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना अंतर्गत डिंडौरी जिले के लिए गर्व का क्षण है। वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 की राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी/प्रतियोगिता के लिए जिले के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया गया है। वर्ष 2023-24 में शासकीय हाई स्कूल धनवासी में अध्ययनरत कक्षा दसवीं के छात्र पंकज कुमार मरावी और वर्ष 2024-25 में शासकीय माध्यमिक शाला देवरी में अध्ययनरत कक्षा आठवीं के छात्र कन्हैया ठाकुर ने जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक विज्ञान प्रदर्शनी/प्रतियोगिता में स्थान बनाया है।
राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी/प्रतियोगिता का आयोजन 29 एवं 30 दिसंबर 2025 को इंदौर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए चयनित विद्यार्थी अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ आज डिंडौरी से इंदौर के लिए रवाना हुए। इस उपलब्धि पर जिले के शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही आशा व्यक्त की है कि दोनों विद्यार्थी राज्य स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।
