डिंडौरी। जिला पंचायत डिंडौरी में 26 दिसंबर 2025 को आयोजित सामान्य सभा की बैठक के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत नवनियुक्त 17 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, उपाध्यक्ष अंजू व्यवहार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी, जिला पंचायत सदस्य हीरा परस्ते, डॉ. सी.एस. भवेदी, वीरेंद्र “बबलू” परस्ते, हेमवती राजपूत, श्रीमती रेखा कर्मो, रेखा कर्मा सहित समस्त जनपद पंचायतों के अध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न परियोजनाओं से चयनित नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें डिंडौरी परियोजना से 3, करंजिया से 2, बजाग से 2, अमरपुर से 4, शाहपुरा से 2, मेहंदवानी से 2 एवं समनापुर से 2 नवनियुक्त कार्यकर्ता/सहायिकाएं शामिल रहीं।
नियुक्ति पत्र वितरण के पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सभी नवनियुक्त कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। अपने संबोधन में अध्यक्ष ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण एवं बाल पोषण की मजबूत नींव होती हैं। समाज के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश, प्रेरणादायी वातावरण एवं नवनियुक्त कर्मियों के उत्साहवर्धन के साथ किया गया।
