Dindori News : डिंडौरी में भाजपा ने मनाया वीर बाल दिवस, साहिबजादों के बलिदान को नमन कर युवाओं को दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम के नेतृत्व में जिले के सभी मंडलों में वीर बाल दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम सह-संयोजक अविनाश छावड़ा के मार्गदर्शन में स्कूलों एवं गुरुद्वारों में विविध आयोजन किए गए, जिनमें गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय साहस, वीरता और बलिदान को स्मरण किया गया।

इसी क्रम में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने भारत माता एवं साहिबजादों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बलिदान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि अल्पायु में साहिबजादों का बलिदान युवाओं को राष्ट्रभक्ति, धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित किए जाने को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि मात्र 6 और 8 वर्ष की आयु में साहिबजादों ने मुगल शासकों की क्रूरता के सामने निडर होकर खड़े होकर साहस, आस्था और नैतिकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। यह दिवस कठिन समय में भी दृढ़ रहने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में जिला मंत्री नरवदिया मरकाम, मंडल अध्यक्ष आशीष वैश्य, मंडल मंत्री दीपिका भारद्वाज, यशवंत तोमर, नीलू जैन, मिथलेश मिश्रा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसी प्रकार माध्यमिक शाला घानाघाट में आयोजित कार्यक्रम में जिला महामंत्री सुधीरदत्त तिवारी, जिला उपाध्यक्ष महेश सिंह धुमकेती एवं तरुण ठाकुर ने सहभागिता कर अपने विचार रखे।

गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में अरदास

कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने खनूजा कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा डिंडौरी में माथा टेककर साहिबजादों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अरदास कराई गई एवं श्रद्धाभाव से पाठ का श्रवण किया गया।

एकीकृत माध्यमिक शाला मुड़की में भी आयोजन एकीकृत माध्यमिक शाला मुड़की में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने कविता, गीत एवं जीवनी प्रस्तुत कर शहीदी को स्मरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश छावड़ा ने कहा कि साहिबजादों का अद्वितीय साहस और अन्याय के विरुद्ध अडिग संकल्प मानव इतिहास में त्याग और वीरता का अमर प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को सत्य, धर्म और राष्ट्र रक्षा के मार्ग पर प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में मंडल मंत्री यशवंत तोमर, मंडल मीडिया प्रभारी अमित बर्मन, परसराम पाराशर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *