डिंडौरी। शासकीय हाई स्कूल मुड़की में आज वीर बाल दिवस का गरिमामय एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएमडीसी सदस्य महफूज खान ने की। इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य श्रीमती सुनीता नामदेव ने वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादे जोरावर सिंह (9 वर्ष) एवं फतेह सिंह (7 वर्ष) ने अल्प आयु में धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए अद्वितीय बलिदान दिया। नवाब वजीर खान द्वारा धर्म परिवर्तन हेतु दिए गए प्रलोभनों और कठोर यातनाओं के बावजूद उन्होंने अपने धर्म से समझौता नहीं किया और जिंदा दीवारों में चुनवा दिए गए। उनकी शहादत भारतीय इतिहास में साहस और दृढ़ संकल्प की अमर मिसाल है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में निबंध, चित्रकला एवं खेलकूद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में आशा ने प्रथम, पुरुषोत्तम ने द्वितीय एवं अनुराग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में भावना प्रथम, आरुषि द्वितीय तथा अनुराग तृतीय स्थान पर रहे। खेल प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं श्रीमती लक्ष्मी सैयाम, माया धुर्वे, श्रीमती अभिलाषा साहू एवं श्रीमती सोनाली पांडेय उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती सोनाली पांडेय द्वारा किया गया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, साहस और बलिदान की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।




