Dindori News : 15 सूत्रीय मांगों को लेकर लघु वेतन कर्मचारी संघ का चौथा चरण आंदोलन,विशाल धरने की चेतावनी…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ ने अपनी लंबित 15 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण को लेकर चौथे चरण का आंदोलन किया। आंदोलन जिला संघ जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह चंदेल के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट तिराहा स्थित रानी अवंतीबाई गार्डन में आयोजित किया गया।

संघ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रमुख मांगों में भृत्य पद का नाम परिवर्तन कर कार्यालय सहायक किया जाना, नियमित कर्मचारियों के ग्रेड पे को 1300 रुपये से बढ़ाकर 1800 रुपये किया जाना, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को स्थाई तथा स्थाई कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग शामिल है। इसके साथ ही नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता का लाभ, अंशकालीन कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी का दर्जा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को शासकीय कर्मचारी घोषित करने तथा ग्राम रक्षकों और कोटवारों को नियमित सेवा का दर्जा देने की मांग भी रखी गई।

संघ ने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए आयोग गठित कर ठेका प्रथा समाप्त करने और उन्हें नियमित सेवा का अवसर देने की मांग की है। अन्य मांगों में कर्मचारियों को वर्दी धुलाई भत्ता 50 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये प्रति माह किए जाने तथा 1 जनवरी 2016 से सातवें वेतनमान का लाभ सभी कर्मचारियों को दिए जाने की मांग शामिल है।

संघ पदाधिकारियों ने आंदोलन की आगामी रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि पांचवें चरण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा, जबकि छठे चरण में 29 जनवरी को पत्रकार वार्ता आयोजित होगी। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो 21 फरवरी को भोपाल में विशाल धरना प्रदर्शन और आम सभा आयोजित की जाएगी। आंदोलन में संभागीय सचिव मिहीलाल धुर्वे, जिला सचिव अशोक यादव, जिला मीडिया प्रभारी मयंक उद्देसिया, जिला उपाध्यक्ष तेजना ब्यौहार सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *