Dindori News : खजुराहो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुए डिंडौरी के फिल्म निर्माता रविराज बिलैया….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। मेकला फिल्म्स के निर्माता एवं गीतकार रविराज बिलैया ने ग्यारहवें खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में बतौर फिल्म निर्माता सहभागिता कर एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। यह प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव 16 से 22 दिसंबर 2025 तक मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल खजुराहो में आयोजित किया गया।

उल्लेखनीय है कि रविराज बिलैया इससे पूर्व वर्ष 2018 में दिल्ली में आयोजित ग्लोबल नेचर फिल्म फेस्टिवल में भी सहभागिता कर चुके हैं। महोत्सव के दौरान हुई चर्चा में उन्होंने बताया कि इस वर्ष का खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव विशेष रूप से बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को समर्पित रहा। आयोजन के दौरान देश की नामचीन फिल्म हस्तियों द्वारा अभिनय और फिल्म निर्माण की बारीकियों पर प्रशिक्षण एवं संवाद सत्र आयोजित किए गए।

रविराज बिलैया ने जानकारी दी कि खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव एक वार्षिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य कला, संस्कृति और सिनेमा को बढ़ावा देना है। इस महोत्सव का आयोजन ‘प्रयास प्रोडक्शन’ द्वारा मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से किया जाता है, जिसमें देश-विदेश से फिल्म प्रेमी, कलाकार और निर्माता शामिल होते हैं।

महोत्सव के दौरान रविराज बिलैया की सिने जगत की कई दिग्गज हस्तियों एवं ज्यूरी सदस्यों से विशेष मुलाकात हुई। इनमें कार्यक्रम के आयोजक एवं प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक राजा बुंदेला, फिल्म प्रमाणन बोर्ड के सदस्य एवं राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्माता-निर्देशक अशोक शरण, रामानंद सागर की चर्चित धारावाहिक ‘रामायण’ के संपादक सुभाष सहगल, संपादक असीम, प्रसिद्ध अभिनेता पंकज बैरी, दक्षिण भारतीय फिल्मों के निर्माता-निर्देशक कृष्णा हब्बाले तथा असम फिल्म के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्माता-निर्देशक जे. एम. दत्ता सहित अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं।

इस अवसर पर रविराज बिलैया ने सभी को डिंडौरी जिले की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से अवगत कराते हुए जिले के स्थानीय कलाकारों को अवसर देने तथा डिंडौरी जिले में फिल्म शूटिंग के लिए आमंत्रित किया। उनकी इस सहभागिता से जिले को राष्ट्रीय फिल्म जगत में नई पहचान मिली है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *