Dindori News : उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत 563 ग्रामों में निर्धन परिवारों को मिलेगा निःशुल्क गैस कनेक्शन….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत जिले के निर्धन एवं पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत यह कार्य किया जाएगा।

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत किए गए सर्वे में जिले के 563 ग्रामों में निवासरत 33,742 परिवार वर्तमान में गैस कनेक्शन से वंचित पाए गए हैं। इन परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए ग्राम पंचायतवार दलों का गठन किया गया है, जो निर्धारित एसओपी के अनुसार कार्य करेंगे।

निर्देशानुसार 16 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक धरती आबा अभियान अंतर्गत चिन्हित ग्रामों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, सर्वे दल के सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं प्रधान पाठक के समन्वय से गैस एजेंसी कर्मचारियों और उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं के सहयोग से आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।

शिविरों में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 से शेष रहे पात्र परिवारों के नवीन गैस कनेक्शन हेतु आवेदन, आवश्यक दस्तावेजों का संकलन तथा पात्रता पर्ची की ई-केवायसी का कार्य समय-सीमा में किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों की प्रगतिशील जानकारी गूगल शीट के माध्यम से संबंधित गैस एजेंसी के वितरकों को भेजी जाएगी, जिससे योजना का लाभ अधिकतम पात्र परिवारों तक समय पर पहुंच सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *