डिंडौरी। बिलगड़ा–बिलगांव मध्यम परियोजना के तहत ग्राम रनगांव में निर्मित माइनर की पानी निकासी व्यवस्था बाधित होने से स्थानीय किसान राम सिंह मार्को की धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसान ने इस संबंध में कलेक्टर डिंडौरी को आवेदन प्रस्तुत कर क्षतिपूर्ति एवं माइनर में पाइप लाइन लगाने की मांग की है।
आवेदक राम सिंह मार्को, निवासी रनगांव (पटवारी हल्का क्रमांक 43, तहसील शहपुरा) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, खसरा नंबर 445 रकबा 0.3400 हे. भूमि उसके और परिजनों—पुरुषोत्तम, एतो बाई, रिंकू सिंह और गीता—के नाम दर्ज है। इसी भूमि से होकर माइनर निर्मित किया गया है, जिसके कारण शेष भूमि पर ही किसान खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
किसान के खेत में स्थित कूप से पूरे मोहल्ले को पेयजल भी उपलब्ध होता है। किसान ने बताया कि उसने किसान क्रेडिट कार्ड से 20 हजार रुपए ऋण लेकर बीज खरीदा त खाद उधार लेकर धान का रोपण कराया था। लेकिन लगातार बारिश और माइनर में पानी निकासी न होने से खेत में भारी मात्रा में मलवा भर गया, जिससे धान का रोपण पूरी तरह नष्ट हो गया।
किसान के अनुसार 16 जुलाई 2025 को हुई तेज वर्षा में माइनर का हिस्सा टूट गया, जिससे मिट्टी बहने लगी, उसके भाई के घर में पानी घुस गया तथा कूप में भी मलवा जमा होने से पेयजल स्रोत दूषित हो गया। इससे पूरे मोहल्ले में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। आवेदक ने कलेक्टर से मांग की है कि उसे हुई लगभग एक लाख रुपये की क्षति की भरपाई की जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए माइनर में तत्काल पानी निकासी हेतु पाइप डालने की कार्रवाई की जाए।




