डिंडौरी। विधानसभा में डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम द्वारा मनरेगा मजदूरों को काम न मिलने, पलायन जैसी परिस्थिति पर गंभीर सवाल उठाते हुए सदन में धरने पर बैठने के बाद राज्य सरकार की ओर से अब तत्परता दिखाई जा रही है। इसी सिलसिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) भोपाल के आयुक्त अवी प्रसाद आज डिंडौरी पहुंचे।
आयुक्त ने यहाँ विधायक ओमकार मरकाम एवं जिले के विभिन्न ग्रामों के सरपंचों से बैठक कर मनरेगा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान मजदूरों को समय पर काम न मिलने, भुगतान लंबित रहने और जिले के बजट के लेप्स होने जैसी गंभीर स्थितियों पर विस्तृत चर्चा हुई। आयुक्त ने बताया कि श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने और अधूरें कार्यों को जल्द स्वीकृति देने के दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
विधायक मरकाम ने आयुक्त से मांग की कि डिंडौरी जिले को मिलने वाली करोड़ों की राशि हर वर्ष समय पर काम न स्वीकृत होने के कारण लेप्स हो जाती है, जिससे मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाता है। उन्होंने आग्रह किया कि मार्च से पहले कार्यों की स्वीकृति सुनिश्चित की जाए, ताकि मजदूरों को निरंतर रोजगार मिल सके और जिले का बजट वापस न लौटे।




आयुक्त प्रसाद ने विधायक और सरपंचों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी उपस्थित रहे।
