Dindori News : कलेक्टर ने अधूरी योजनाओं पर संविदाकारों को दिए नोटिस, समय पर कार्य पूर्ण करने वालों को पुरस्कार से सम्मानित….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में आज जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता समिति और निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, वनमंडल अधिकारी पुनीत सोनकर, डिप्टी कलेक्टर अक्षय डिगरसे, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, निरीक्षण अधिकारी और संबंधित संविदाकार उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने जिले की 48 नल जल योजनाओं की समीक्षा की। बताया गया कि नवंबर में 25 योजनाएं पूर्ण हुई, जबकि शेष 23 योजनाओं के साथ दिसंबर में कुल 98 योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। संविदाकारों को समय सीमा में कार्य पूर्ण न करने और गुणवत्ताहीन कार्य करने पर नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि योजना पूरी होने पर ही जियोटैग युक्त फोटो और ग्रामसभा में जानकारी साझा करने के बाद ही योजनाओं का हैंडओवर किया जाए। साथ ही, जिन ग्रामों में योजना पूर्ण होने के बाद भी हस्तांतरण नहीं हुआ है, उनकी सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में रोड निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने वाले ग्रामों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए। इसके अलावा, विद्युत समस्याओं के कारण प्रभावित नल जल योजनाओं की सूची तैयार करने और समाधान के लिए समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने समय पर कार्य पूर्ण करने वाले अधिकारियों और संविदाकारों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करने तथा समय सीमा में कार्य न करने वाले संविदाकारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के रेस्टोरेशन कार्यों की समीक्षा नियमित रूप से की जाएगी, ताकि ग्रामों में गुणवत्तायुक्त जल सेवा सुनिश्चित की जा सके।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *