डिंडौरी। जिले में पुलिस प्रशासन ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिकायत प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। डिण्डौरी पुलिस ने पहली बार ऐसी ऑनलाइन सुविधा शुरू की है, जिसके माध्यम से अब आम नागरिक अपनी किसी भी समस्या, शिकायत या सुझाव सीधे पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह (भा.पु.से.) तक पहुँचा सकेंगे। यह व्यवस्था पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने तथा त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास मानी जा रही है।

नई प्रणाली के तहत जिले में QR Code आधारित शिकायत प्रणाली लागू की गई है। इसके माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करते ही सीधे ऑनलाइन फॉर्म पर पहुँच जाएंगे, जहाँ वे अपनी शिकायत विस्तार से दर्ज कर सकेंगे। शिकायत दर्ज करते समय सही जानकारी भरना अनिवार्य रखा गया है, साथ ही शिकायत पत्र की फोटो अथवा पीडीएफ फाइल अपलोड करना भी जरूरी किया गया है, ताकि कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा ना आए।

इस क्यूआर कोड को जिले भर के सभी थानों, चौकियों, पुलिस लाइन परिसर तथा विभिन्न शासकीय कार्यालयों में लगाया जा रहा है। इससे नागरिकों को अब थानों में आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे घर पर बैठे या किसी भी सार्वजनिक स्थान से अपनी शिकायत सीधे एसपी कार्यालय तक पहुँचा सकते हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह ने इसे जनता के हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि डिण्डौरी पुलिस की प्राथमिकता हमेशा से नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई रही है। तकनीक के माध्यम से पुलिस अब शिकायत प्रणाली को और अधिक सुगम, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने जनता से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नागरिक स्पष्ट रूप से अपनी शिकायत दर्ज करें और आवश्यक दस्तावेज अवश्य संलग्न करें। यह प्रणाली तत्काल प्रभाव से पूरे जिले में लागू हो चुकी है और आने वाले समय में इसे और अधिक उन्नत रूप में विकसित किया जाएगा। डिण्डौरी पुलिस की यह तकनीकी पहल शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और प्रभावी बनाते हुए जनता और पुलिस के बीच विश्वास, संवाद और न्याय की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत करेगी।




