डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्टर सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, उपयंत्री (सिविल एवं मेकेनिकल) उपस्थित रहे। निरीक्षणकर्ता अधिकारी एवं संविदाकार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
कलेक्टर ने 75% से अधिक प्रगति वाली 48 नलजल योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति भी जाँची गई। सभी प्रगतिरत योजनाओं को 30 नवंबर तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए कड़े निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जिन ग्रामों में विद्युत समस्या के कारण नलजल प्रदाय प्रभावित हो रहा है, उनकी सूची तत्काल उपलब्ध कराई जाए तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान किया जाए।
कलेक्टर ने पुनरीक्षित कार्यों में विलंब को गंभीरता से लेते हुए संविदाकार सुरेंद्र प्रसाद ओझा एवं मनेंद्र कुमार को निर्देश दिए कि वे निर्धारित फॉर्मेट में शपथ पत्र प्रस्तुत करें। रेस्टोरेशन कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जिसकी आगामी समीक्षा कलेक्टर स्वयं करेंगी। इसके साथ ही जल जीवन मिशन में 75% प्रगति वाले 48 ग्रामों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संबंधित उपयंत्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने की तैयारी के निर्देश भी दिए गए।





