Mp News : बर्तन मांजने न पड़े इसलिए बच्चों को कागज़ पर परोसा भोजन — दोषी समूह का अनुबंध रद्द….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के विकासखंड विजयपुर के ग्राम हुल्लपुर में सरकारी स्कूल में छात्रों को कागज पर भोजन परोसे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो की जांच के बाद संबंधित जय संतोषी माँ स्व सहायता समूह को दोषी पाया गया, जिसके बाद उसका अनुबंध तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 नवम्बर 2025 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें शासकीय माध्यमिक विद्यालय हुल्लपुर के छात्र-छात्राएं पीएम पोषण आहार (मध्याह्न भोजन) कागज़ पर रखकर खाते हुए दिखे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विजयपुर द्वारा जांच के निर्देश दिए गए। खण्ड शिक्षा अधिकारी विजयपुर ने जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट लिखा कि वीडियो में दिखी घटना के लिए जय संतोषी माँ स्व सहायता समूह ग्राम हुल्लपुर पूर्णतः जिम्मेदार है। इसके आधार पर एसडीएम विजयपुर ने समूह का अनुबंध निरस्त करते हुए आदेश जारी कर दिए हैं।

अब शासकीय माध्यमिक विद्यालय हुल्लपुर की शाला प्रबंधन समिति को आगामी आदेश तक पीएम पोषण आहार (मध्याह्न भोजन) संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही समूह को निर्देशित किया गया है कि वह स्कूल प्रशासन को अपने सभी अभिलेख, खाद्यान्न, बर्तन व अन्य सामग्री तत्काल सौंपे। वहीं इस घटना से यह सवाल फिर उठ खड़ा हुआ है कि मध्याह्न भोजन जैसी संवेदनशील योजना में निगरानी और जिम्मेदारी कितनी कारगर है, और क्या बच्चों को पौष्टिक भोजन देने की गारंटी सिर्फ कागज़ी औपचारिकता बनकर रह गई है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *