— रक्त की कमी और हृदय रोग बताया गया संभावित कारण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा कारण
मध्यप्रदेश के मण्डला जिला जेल मण्डला के बंदी अजीत पटेल (36 वर्ष) की सोमवार दोपहर उपचार के दौरान जिला अस्पताल मण्डला में मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, आज सुबह 11:41 बजे आरक्षक भूपत सिंह (189) के माध्यम से मरीज को जिला अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में लाया गया था। अजीत पटेल को सांस लेने में तकलीफ़, पूरे शरीर में सूजन, कमजोरी और घबराहट की शिकायत थी। मेडिसिन विशेषज्ञों द्वारा जांच के दौरान मरीज की स्थिति अत्यधिक गंभीर पाई गई, जिसके बाद उसे तुरंत आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया।
— जारी प्रेस नोट के मुताबिक
कार्यालय, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, मण्डला के द्वारा जारी प्रेस नोट में डॉक्टरों ने बताया कि मरीज में खून की कमी और ईसीजी में अनियमितताएं पाई गईं। तत्काल ब्लड ट्रांसफ्यूजन की जरूरत पड़ी, लेकिन ब्लड बैंक में ‘AB पॉजिटिव’ ब्लड उपलब्ध नहीं था। रक्तदाता से संपर्क करने के बावजूद रक्त की व्यवस्था नहीं हो पाई। आईसीयू में चिकित्सक और स्टाफ द्वारा निरंतर उपचार जारी रखा गया, साथ ही मरीज को मेडिकल कॉलेज जबलपुर रिफर किया गया। हालांकि, मरीज की हालत अत्यधिक नाजुक होने के कारण दोपहर 3:40 बजे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि मरीज को गंभीर रक्ताल्पता (एनीमिया) और हृदय रोग था, जिससे मृत्यु संभावित है। मृतक का शव पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय की मर्चुरी में रखा गया है। स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही ज्ञात हो सकेगा। घटना की सूचना कलेक्टर मण्डला और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी भेजी गई है।





