मध्यप्रदेश के देवास में डीजीपी कैलाश मकवाणा के निर्देशन में देवास पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने एक प्रॉपर्टी ब्रोकर से ₹29.50 लाख की ठगी की थी। गिरोह “Just Dial” जैसी वेबसाइटों के माध्यम से लोगों से संपर्क कर निवेश और प्रॉपर्टी डील के नाम पर बड़ी रकम हड़प लेते थे। पुलिस की तकनीकी जांच में आरोपियों की लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार में पाई गई, जिसके बाद देवास पुलिस ने वहां दबिश देकर चारों को हिरासत में लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ठगी की रकम, लग्जरी कारें और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह ने कई राज्यों में इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य सहयोगियों और नेटवर्क से जुड़े खातों की जानकारी जुटा रही है। डीजीपी मकवाणा ने कहा कि साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह के ठग गिरोहों पर अब कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।





