Dindori News : समय पर कार्य न करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट — कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

जल जीवन मिशन अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न…

डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभागार डिंडौरी में शुक्रवार को जल जीवन मिशन अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में चल रहे नल-जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और समय पर कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रदेश परस्ते, विधायक ओमकार मरकाम, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जनपद अध्यक्ष आशा धुर्वे, पवन्ती कुशराम, रामप्रसाद तेकाम, गीता पट्टा, फूलकली मरावी, सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर जेपी यादव, डिप्टी कलेक्टर बैद्यनाथ वासनिक, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित अन्य सदस्य, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं ठेकेदार मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि जिले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 454 ग्राम और जल निगम मर्यादित को 450 ग्राम आवंटित किए गए हैं। 168570 घरों में नल जल कनेक्शन का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक 107422 घरों में पेयजल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। कलेक्टर भदौरिया ने जल निगम मर्यादित की धीमी कार्यप्रगति पर नाराजगी जताते हुए महाप्रबंधक को सप्ताह में तीन दिन डिंडौरी में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन से कोई भी बस्ती या बसाहट छूटनी नहीं चाहिए। यदि लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पूर्ण योजनाओं को जनपद पंचायत सीईओ से अनुमोदन प्राप्त कर हस्तांतरित किया जाए और “हर घर जल” की जानकारी समय से दी जाए। साथ ही ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था के लिए हैंडपंपों की मरम्मत योजना तैयार करने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत और विद्युत समस्या वाले क्षेत्रों में शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन ठेकेदारों ने निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं किया, उनके अनुबंध निरस्त किए जाएंगे और उन्हें ब्लैकलिस्ट में डाला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नल-जल योजना पूर्ण हो जाने के बाद सरपंच, सचिव एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से छूटे हुए घरों को योजना से जोड़ा जाए, ताकि जिले का कोई भी परिवार पानी की समस्या से वंचित न रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *