— स्वदेशी अपनाए, सुरक्षित दीपावली मनाए : कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया
डिंडौरी। दीपावली पर्व के मद्देनज़र रविवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह ने नगर के मुख्य बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सड़क किनारे बैठे फुटपाथ दुकानदारों से पूजा सामग्री खरीदी और नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने तथा सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील की। कलेक्टर भदौरिया ने भारत माता चौक पर ग्राम शाहपुर से आई सोना प्रजापति से दिए, मंगू बर्मन से गुल्लक, ओमप्रकाश टकरा मोहल्ला से झाड़ू तथा बस स्टैंड रोड पर बैठे राजा कुशवाहा से सिंघाड़े खरीदे। वहीं हरवा बिलासपुर (अनूपपुर) से आई तुलसा बाई से रूई, दिया-बाती एवं पूजा सामग्री खरीदी।

उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियां तभी सार्थक होंगी जब हम स्वदेशी उत्पादों को अपनाएंगे। विदेशी कंपनियों के उत्पाद न खरीदें, बल्कि स्थानीय कारीगरों के बनाए सामान खरीदें ताकि उनके घरों में भी दीपावली की खुशियां पहुंचें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने भी फुटपाथ दुकानदारों से पूजा सामग्री खरीदी और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान नागरिकों की सुरक्षा के लिए जिलेभर में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। भ्रमण के दौरान एसडीएम भारती मरावी, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, तहसीलदार आर.पी. मार्को, निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

— जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
एसपी वाहिनी सिंह ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान जिले के सभी थानों और चौकियों को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। बाजार क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा ताकि नागरिक सुरक्षित वातावरण में पर्व मना सकें।





