मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के विकासखंड अमरपुर के प्राथमिक शाला बिलासर (डाइस कोड 23410807002) में पदस्थ शिक्षक गणेश सिंह की लापरवाही का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में शिक्षक क्लास के दौरान कुर्सी पर बैठे सोते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि बच्चे कक्षा में मौजूद हैं। शिक्षक की टेबल पर छड़ी भी रखी हुई दिखाई दे रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह दृश्य पढ़ाई के समय का है। अभिभावकों के अनुसार, गणेश सिंह का यह रवैया नया नहीं है। बताया जा रहा है कि वे अकसर कक्षा में बच्चों को पढ़ाने के बजाय मोबाइल देखने या आराम करने में लगे रहते हैं। स्कूल में इस तरह की स्थिति पहले भी कई बार देखी जा चुकी है, लेकिन अब फोटो वायरल होने से मामला उजागर हो गया है।

वहीं अभिभावक लखन और कमल ने बताया कि बच्चों ने भी कई बार शिक्षक के व्यवहार पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक गणेश सिंह बच्चों को डांटने और धमकाने के साथ कक्षा में सोने की प्रवृत्ति अपनाते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के शिक्षकों के कारण सरकारी स्कूलों की साख प्रभावित हो रही है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो अभिभावक जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत करेंगे।





