Dindori News : मनरेगा कार्यों में लापरवाही पर पाँच ग्राम रोजगार सहायकों को कारण बताओ नोटिस….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

जनपद पंचायत अमरपुर की समीक्षा बैठक में सीईओ ने जताई नाराजगी

डिंडौरी। जनपद पंचायत अमरपुर में मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर पाँच ग्राम रोजगार सहायकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अमरपुर द्वारा ये नोटिस मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी के निर्देश पर जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सीईओ जिला पंचायत डिंडौरी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों की वार्षिक लेबर बजट प्रगति का परीक्षण किया गया। समीक्षा में पाया गया कि कई पंचायतों में लक्ष्य की पूर्ति बेहद कम हुई है, जिससे जनपद की समग्र प्रगति प्रभावित हो रही है।

बैठक में अमरपुर जनपद के इन पाँच ग्राम पंचायतों के रोजगार सहायकों  कारण बताओं नोटिस जारी किया गया।

ग्राम पंचायत खुडिया के रोजगार सहायक श्रवण सिंह ठाकुर ने 15,589 मानव दिवस के लक्ष्य के विरुद्ध केवल 4,916 (36.18%) की पूर्ति की।

ग्राम पंचायत मोहनझिर के घनश्याम सैयाम ने 17,565 के लक्ष्य के विरुद्ध 5,904 (33.61%) मानव दिवस ही सृजित किए।

ग्राम पंचायत सिधौली की उर्मिला श्याम ने 14,637 के लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 4,348 (29.70%) मानव दिवस की पूर्ति की।

ग्राम पंचायत धनवासी के बसंत पिपराहा ने 17,240 के लक्ष्य में केवल 3,646 (21.15%) मानव दिवस ही पूर्ण किए।

वहीं ग्राम पंचायत उमरिया के प्रताप पारस ने 23,601 के लक्ष्य में से 9,231 (39.11%) मानव दिवस ही हासिल किए।

जनपद सीईओ अमरपुर के द्वारा जारी पत्र में उल्लेखित किया गया है कि इस तरह की प्रगति वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना और शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही को दर्शाती है। सभी रोजगार सहायकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तीन दिवस के भीतर अपनी प्रगति रिपोर्ट एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संविदा सेवा शर्तों की कंडिका-15 के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *