Mp update : शिक्षा विभाग ने 4.90 लाख बच्चों को बांटी साइकिलें, 215 करोड़ खर्च से बढ़ेगी शिक्षा की रफ्तार…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

भोपाल। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के नामांकन दर और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत इस शैक्षणिक सत्र में 4 लाख 90 हजार बच्चों को साइकिलें वितरित की गई हैं। विभाग ने इस वर्ष योजना के लिए 215 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है।

इस योजना के तहत उन विद्यार्थियों को लाभ प्रदान किया जा रहा है जिन्होंने कक्षा 5वीं और 8वीं उत्तीर्ण कर ली है और जिनकी अगली कक्षा का विद्यालय उनके निवास स्थान से 2 किलोमीटर या अधिक दूरी पर स्थित है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को विद्यालय तक आने-जाने में सुविधा देना है।

विभाग के अनुसार, छात्रावास में रहकर अध्ययन करने वाली बालिकाओं को भी इस योजना में शामिल किया गया है ताकि उन्हें भी शिक्षा तक सहज पहुँच मिल सके। पिछले वर्ष विभाग ने 4 लाख 80 हजार बच्चों को साइकिल वितरित की थी।

साइकिल की खरीद प्रक्रिया जेम पोर्टल (GeM Portal) के माध्यम से लघु उद्योग निगम की सहायता से पूरी की गई। लोक शिक्षण संचालनालय ने साइकिल वितरण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार, कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों को 18 इंच की साइकिल और कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों को 20 इंच की साइकिल प्रदान की गई है। योजना से न केवल बच्चों को आवागमन में सहूलियत मिली है, बल्कि इससे विद्यालयों में उपस्थिति और नामांकन दर में भी वृद्धि देखने को मिल रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *