Dindori News : कलेक्टर भदौरिया ने अधीक्षकों से साझा किया मोबाइल नंबर —कहा, समस्या बताएं सीधे, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई ..

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में शनिवार को कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावासों के अधीक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी अधीक्षकों से परिचय प्राप्त करते हुए छात्रावासों की व्यवस्थाओं, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और विद्यार्थियों की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ने अधीक्षकों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप छात्र-छात्राओं को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने भवनों की मरम्मत, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, सीसीटीवी कैमरा स्थापना, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, खिड़कियों-दरवाजों में जाली और परदे लगाने जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रावास का नियमित निरीक्षण विभागीय अधिकारियों द्वारा किया जाएगा, ताकि अधीक्षकों को आवश्यक सुविधाएं जुटाने में मदद मिल सके। किसी भी प्रकार की समस्या या कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग के माध्यम से किया जाएगा।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि प्रत्येक छात्रावास में अभिभावक समिति की बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्यों को सर्वसम्मति से स्थानीय स्तर पर पूरा किया जाए और उसकी सूचना विभाग को भेजी जाए। साथ ही अधीक्षकों से आग्रह किया कि वे अपने कार्य के साथ-साथ गांव के युवा-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास करें। इसके लिए संत रविदास योजना, भीमराव अंबेडकर योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना और टंट्या मामा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के आवेदन तैयार कर विभाग को भेजे जाएं। इन योजनाओं के माध्यम से आटा चक्की, सिलाई मशीन, दोना-पत्तल निर्माण और मनिहारी दुकान जैसे रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने सभी अधीक्षकों को अपना मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा कि किसी भी स्थानीय समस्या या विशेष कार्य के लिए वे सीधे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, क्षेत्र संयोजक सुश्री श्वेता अग्रवाल, राजेश मरकाम, मोहन महोबिया, स्वप्निल अवस्थी सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *