भोपाल। जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश ने नव नियुक्त प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त करने हेतु जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक जिले में समिति गठित की जाएगी, जो परिवीक्षा अवधि समाप्त करने की प्रक्रिया पूरी करेगी।
— जारी पत्र के मुताबिक
जारी पत्र में संशोधन करते हुए स्पष्ट किया गया है कि गैर-जनजातीय जिलों में गठित होने वाली जिला समिति में विभागीय जिला अधिकारी, सहायक संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी (स्कूल शिक्षा विभाग) और जिला मुख्यालय के हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य (स्कूल शिक्षा विभाग) सदस्य रहेंगे। वहीं आयुक्त ने सभी संभागीय उपायुक्तों, सहायक आयुक्तों एवं जिला संयोजकों को निर्देशित किया है कि समिति का गठन कर नवनियुक्त शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त करने की कार्यवाही समय पर सुनिश्चित की जाए।





