मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को जिला डिण्डौरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक राजा राम बिलागर निवासी कोहका ने EOW में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके दादा के निधन के बाद फौती नामांतरण हेतु तहसील कार्यालय डिण्डौरी में आवेदन प्रस्तुत किया गया था, लेकिन हल्का क्रमांक 62, ग्राम पंचायत दाड़ बिझिया के पटवारी कौशल राम चांवले कार्य करने में टालमटोल कर 4,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे।
शिकायत की पुष्टि 18 सितंबर को की गई, जिसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद शुक्रवार 19 सितंबर को EOW की ट्रैप टीम ने आरोपी पटवारी को उसके किराए के मकान, पुरानी डिण्डौरी स्थित बजरंग मंदिर के पास, 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान नामांतरण आवेदन से संबंधित दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियां भी जब्त की गईं। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 (ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




