मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में इंसानों के घरों पर चोरी की वारदातें तो आम हो चुकी हैं लेकिन अब चोर भगवान के घर को भी नहीं बख्श रहे। वार्ड क्रमांक 11 पुरानी डिंडौरी स्थित बजरंग मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने दान पेटी से पैसे निकाल लिए और मंदिर में रखा एम्पलीफायर मशीन भी उठा ले गए। मंदिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बार दान पेटी को तोड़कर चोर नकदी ले जा चुके हैं।

कंपनी चौक तिहारी जैसे मुख्य स्थान पर स्थित इस मंदिर में चोरी की वारदात होना लोगों के लिए गहरी चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और पुलिस की गश्त के दावे के बावजूद चोर लगातार मंदिरों को निशाना बना रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर तमाम इंतजामों के बाद भी अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं।
मंदिर समिति और श्रद्धालु इस घटना से बेहद आहत हैं। उनका कहना है कि भगवान के मंदिरों को लूटना सिर्फ चोरी नहीं बल्कि आस्था पर कुठाराघात है। श्रद्धालुओं की मेहनत की कमाई से चढ़ाई गई दान राशि चोरों की जेब में जा रही है और पुलिस अब तक कोई ठोस कदम उठाने में नाकाम रही है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और मंदिरों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की आस्था भी सुरक्षित रह सके।


