Dindori News: पीएम मोदी के संदेश के साथ डिंडौरी से शुरू हुई ‘परिवार मोबाइल मेडिकल क्लीनिक’ सेवा….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

प्रधानमंत्री मोदी ने धार से किया ‘स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ, डिंडौरी में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित…

मध्यप्रदेश के विकास पथ पर आज ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार जिले के ग्राम भैंसोला से राष्ट्रव्यापी ‘स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ किया। इसी अवसर पर उन्होंने देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया। यह पार्क न केवल प्रदेश की वस्त्र उद्योग को नई पहचान देगा, बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर और किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने में सहायक होगा।

प्रधानमंत्री ने महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए डिजिटल पहल ‘सुमन सखी चैटबॉट’ का लोकार्पण भी किया। इसके साथ ही 8वें राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत, आदि कर्मयोगी अभियान का आगाज और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 10 लाख से अधिक मातृशक्ति को लाभान्वित करने का कार्य भी किया गया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “आज मध्यप्रदेश से बड़ी औद्योगिक शुरुआत हो रही है। पीएम मित्र पार्क से भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा। देश का सबसे बड़ा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क स्थापित होने जा रहा है, इसके लिए प्रदेशवासियों को बधाई।”

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कुमारी आराधना कलमी को एक करोड़वां सिकल सेल स्क्रीनिंग एवं काउंसलिंग कार्ड भेंट कर स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना जन्मदिवस भी आदिवासी अंचल धार जिले में मनाया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि “आधुनिक भारत के शिल्पकार और राष्ट्र के गौरव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक नगरी धार में स्वागत करना हम सबके लिए सौभाग्य है। प्रदेश की जनता की ओर से मैं उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ देता हूँ और उनके दीर्घायु की कामना करता हूँ।”

डिंडौरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम

धार से हुए मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण डिंडौरी जिला चिकित्सालय परिसर में भी किया गया। लाइव प्रसारण को बड़ी संख्या में जनसमूह ने देखा और सुना। जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य हीरा रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर नेहा मारव्या, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, सीएमएचओ मनोज पांडेय समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान करंजिया ब्लॉक के लिए “परिवार मोबाइल मेडिकल क्लीनिक” का शुभारंभ भी किया गया, जिसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह क्लीनिक ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराएगी। साथ ही स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रदर्शनी लगाई गई। स्वास्थ्य परीक्षण और रक्तदान शिविर का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *