मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए भिण्ड पुलिस ने बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस ने घरों में घुसकर चोरी करने वाले दो अंतर्राज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 66 लाख रुपए से अधिक मूल्य का मशरुका बरामद किया गया है। बरामद सामग्री में सोने-चांदी के गहने, नकदी और चोरी गया महिंद्रा ट्रैक्टर शामिल है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 12 बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इन घटनाओं का खुलासा अब हो गया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई दिनों तक छापामार कार्रवाई की और आखिरकार गिरोह के सदस्यों को धर दबोचा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये गिरोह लंबे समय से सक्रिय थे और मध्यप्रदेश सहित पड़ोसी राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों के पास से बरामद सामान की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।




