मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में लखनवाड़ा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 90 लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त की है। मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम पीपरडाही में कार्रवाई करते हुए एक ट्रक (MH 04 GR 2024) रोका गया, जिसमें इंदौर से दो आरोपी – चालक प्रेमसिंह (35) और परिचालक हर्षदीप सिंह (20) सवार थे। जांच में पता चला कि ट्रक में खोदीग्राम बड़वाह (खरगोन) से सिवनी वेयर हाउस तक ले जाई जा रही शराब थी। दस्तावेजों के अनुसार परमिट 2 से 4 सितंबर 2025 तक वैध था, लेकिन भारी मात्रा में अवैध शराब परिवहन की गड़बड़ी सामने आई।
पुलिस ने कुल 9575.72 लीटर शराब जब्त की, जिसमें मैकडबल नंबर वन ब्रांड की 848 पेटियां (प्रति पेटी 48 पाव) और 250 पेटियां (प्रति पेटी 24 अद्धा) शामिल हैं। इसके अलावा, पुलिस ने 15 लाख रुपए की कीमत वाला ट्रक भी जब्त कर लिया। कुल जब्त माल की कीमत 1.05 करोड़ रुपए बताई जा रही है। अधिकारियों ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक शिमाला प्रसाद ने इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी पर बड़ी सफलता करार दिया है।


