Review Meeting : पटवारियों पर सख्त हुए SDM | गिरदावरी व वसूली पर दिए कड़े निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन ने तहसील कार्यालय करंजिया में पटवारियों की एजेंडा अनुसार समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतें, पीएम किसान ई-केवाईसी, एनपीसीआई, आरओआर, फार्मर रजिस्ट्री, भू-राजस्व वसूली एवं गिरदावरी की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिन पटवारियों की गिरदावरी शून्य पाई गई, उन्हें तत्काल गिरदावरी दर्ज करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित की जाए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को लेकर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई शिकायत बिना निराकरण लेवल-01 से ऊपर जाती है, तो संबंधित पटवारी के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। शिकायतों का तथ्यपरक निराकरण पोर्टल पर दर्ज करने और राजस्व संबंधी प्रकरणों में आदेश व प्रकरण क्रमांक अनिवार्य रूप से अंकित करने के निर्देश दिए।

फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में एसडीएम ने कहा कि चाहे किसान पीएम किसान योजना के हितग्राही हों या नहीं, सभी किसानों की रजिस्ट्री बनाई जाए। इस कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी।

भू-राजस्व वसूली शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए एसडीएम ने विशेष रूप से कृषि भू-राजस्व की तत्काल वसूली कराने के निर्देश दिए। साथ ही, नए डायवर्सन प्रकरण चिन्हित कर पोर्टल पर दर्ज करने को कहा।

बैठक में उन्होंने “कृषक भाईचारा” अभियान शुरू करने की भी घोषणा की। इस अभियान का उद्देश्य किसानों और राजस्व विभाग के बीच विश्वास को मजबूत करना है। इसके तहत प्रत्येक पटवारी को शासन की योजनाओं का कैटलॉग/पीडीएफ उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे किसानों को उनके घर पर ही योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित कर सकें।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *