मध्यप्रदेश के मंडला जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाईन मैदान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण, हर्षफायर, मार्चपास्ट एवं परेड की सलामी ली।
समारोह में मंत्री उइके ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानी एवं उनके परिजनों का सम्मान किया। कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, प्रफुल्ल मिश्रा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर आकिप खान (आईएएस), एएसपी शिवकुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।
मुख्य समारोह में शामिल सभी प्लाटून दस्तों ने हर्ष फायर के बाद शानदार मार्चपास्ट कर राष्ट्रभक्ति, एकता और अनुशासन का संदेश दिया। मंत्री उइके ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नगर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। सरस्वती स्कूल, महर्षि विद्या मंदिर, निर्मला सीनियर सेकेंडरी, मॉन्टफोर्ट हायरसेकेंडरी, ज्ञानदीन इंग्लिश मीडियम और जगन्नाथ उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश भोपाल से लाईव प्रसारण के माध्यम से सुनाया गया। इसके बाद मंत्री उइके ने जिले की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा, सामाजिक योजनाएँ, मिशन नेत्रज्योति, अपराजिता अभियान, पंच चौकी महाआरती, प्रोजेक्ट स्वाध्याय (कोड योगी), सड़क एवं सिंचाई सुविधाओं सहित विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों जैसे कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, चौगान की मढ़िया, विष्णु मंदिर, काला पहाड़, माहिष्मती घाट, सहस्त्रधारा, करोड़ी तीर्थ आदि का उल्लेख कर जिले की गौरवमयी पहचान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और परेड की प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। ज्ञानदीन इंग्लिश मीडियम स्कूल और जगन्नाथ उत्कृष्ट हायरसेकेंडरी स्कूल को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान, मॉन्टफोर्ट स्कूल को द्वितीय स्थान तथा महर्षि विद्या मंदिर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार परेड दस्तों को चार अलग-अलग कैटेगरी में पुरस्कृत किया गया।
अंत में मंत्री उइके एवं अन्य अतिथियों ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, उच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं और खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।



