मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के सीएम राइस विद्यालय धनुवासागर में शिक्षा और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय में कक्षा 6वीं के 16 और 9वीं के 33 विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। साइकिल वितरण के साथ ही भव्य तिरंगा यात्रा भी निकाली गई, जिसने पूरे गांव में देशभक्ति का जोश भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों को चंदन लगाकर सम्मानित करने से हुई। इसके बाद जनपद सदस्य संतोष सिंह चंदेल की मौजूदगी में विद्यार्थियों को साइकिल भेंट की गई। साइकिल पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और आंखों में सपनों की चमक साफ झलक रही थी। अब साइकिल मिलने से विद्यार्थियों की शिक्षा की राह और भी आसान हो जाएगी।
साइकिल वितरण के बाद विद्यालय परिसर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारे लगाए, जिससे पूरे गांव का माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। यात्रा ने शिक्षा की प्रेरणा और एकता का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य जे.एस. मरकाम, सुखदेव उद्दे, गुरुप्रसाद झरिया, चन्दन दुर्वासा, अंचल नागेश्वर, मनीष सोनी, लाला राम, कंचन, संगीता, शशिकांत, विनय, दुली चन्द, पंकज, अवशेष, विपिन मरावी, संजू चंदेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


