Dindori News : 34 वर्षों की सेवा के बाद प्रयोगशाला सहायक शिक्षक संतोष कुमार विश्वकर्मा सेवानिवृत्त, विद्यालय परिवार ने दी भावभीनी विदाई…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानिकपुर में पदस्थ प्रयोगशाला सहायक शिक्षक संतोष कुमार विश्वकर्मा के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान सह विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं ग्राम के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह में संतोष कुमार विश्वकर्मा का तिलक-वंदन कर फूलमाला पहनाई गई तथा शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें आकर्षक एवं जीवनोपयोगी उपहार भी प्रदान किए गए।

 

इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके 34 वर्षों के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि संतोष कुमार विश्वकर्मा एक कर्मठ, कर्तव्यनिष्ठ, मृदुभाषी एवं शिक्षा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व रहे हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, संस्कार एवं अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका व्यवहार और कार्यशैली विद्यालय परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर संतोष कुमार विश्वकर्मा ने उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए सभी के सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में मानिकपुर की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के स्टाफ, शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का माहौल भावुक और आत्मीय रहा।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *