Crime News : डिंडौरी में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 6 किलो 228 ग्राम गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार; बाइक और मोबाइल भी जब्त….

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

—मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सड़क पर की घेराबंदी, 1.65 लाख रुपये की सामग्री जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

 

डिंडौरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए गांजे की खेप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 6 किलो 228 ग्राम गांजा बरामद किया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है।

 

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेश में मादक पदार्थों के सेवन और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। विशेष रूप से युवाओं के जीवन और स्वास्थ्य पर नशे के दुष्प्रभावों को देखते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है। इसी के तहत पुलिस अधीक्षक डिंडौरी के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी शाहपुर के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

 

इसी दौरान 30 अक्टूबर 2026 को शाहपुर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम आनाखेड़ा टिकरिया से ग्राम सिलहरी एवं ग्राम मक्के के बीच स्थित पक्की सड़क पर घेराबंदी की। कुछ ही देर में पुलिस को संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो मोटरसाइकिल सवार के पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग से गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके पर आरोपी की पहचान भारत सिंह उर्फ रामकुमार पारासर पिता तोक सिंह पारासर, उम्र 39 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11 डिंडौरी के रूप में की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 किलो 228 ग्राम अवैध गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP52 MB 0689, जिसकी कीमत करीब 65 हजार रुपये और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, जब्त किया गया।

 

इस तरह पुलिस ने गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित कुल 1 लाख 65 हजार रुपये की सामग्री जब्त की। आरोपी के विरुद्ध थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 279/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय डिंडौरी के समक्ष पेश किया।

 

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

 

गांजा तस्करी के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक केवल सिंह परते, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद यादव, आरक्षक 263 रोहित मरकाम, आरक्षक 56 दीपक धुर्वे, आरक्षक 396 मनोज तिवारी एवं महिला आरक्षक 112 पल्लवी पाराशर का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *