चौरा माल की दो प्राथमिक शालाओं में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे पढ़ाई से जुड़े सवाल, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी परखी
डिंडौरी। जिले में सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने चौरा माल स्थित दो प्राथमिक शालाओं का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक पाठशाला चौरा माल में निरीक्षण के दौरान शिक्षक कमल सिंह मरावी अनुपस्थित मिले। स्थानीय लोगों ने भी शिक्षक की अनुपस्थिति को लेकर शिकायत की थी। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्कूल में मौजूद बच्चों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई, कक्षाओं में होने वाली गतिविधियों और विभिन्न विषयों की जानकारी ली। बच्चों से सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को भी परखा। उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करने और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना का भी निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता, उपलब्धता और व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही विद्यालयों में साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने, शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
