MP IAS Transfer: मध्यप्रदेश में 3 IAS अधिकारियों की नई पदस्थापना, किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी?
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 21 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के तीन अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया है। राज्य शासन ने अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से स्थानापन्न रूप में नवीन पदस्थापना की जिम्मेदारी सौंपी है। इस फेरबदल में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, नगर पालिक निगम भोपाल और स्मार्ट सिटी भोपाल से जुड़े पद शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2018 बैच के IAS अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल, जो वर्तमान में अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम भोपाल के पद पर पदस्थ हैं, उन्हें अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्यप्रदेश, भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह, वर्ष 2020 बैच के IAS अधिकारी अभिषेक सराफ, जो वर्तमान में अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्यप्रदेश, भोपाल के पद पर पदस्थ हैं, उन्हें अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम भोपाल के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं, वर्ष 2021 बैच के IAS अधिकारी सुमित कुमार पाण्डेय, जो वर्तमान में अपर कलेक्टर, जिला भोपाल के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी भोपाल के साथ अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
यह आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से और आदेशानुसार मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नवीन पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी।

