PM JANMAN Yojana : डिंडौरी में अधूरे आंगनवाड़ी भवनों पर कलेक्टर सख्त, लापरवाही बरतने वालों को नोटिस जारी करने के निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

— पीएम जनमन योजना के निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश, देरी बर्दाश्त नहीं करेंगी कलेक्टर

 

डिंडौरी। जिले में आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों में हो रही देरी को लेकर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सख्त रुख अपनाया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधूरे भवनों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने और विशेष रूप से प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना के तहत स्वीकृत आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों, निर्माण एजेंसियों और तकनीकी अमले को आपसी समन्वय के साथ काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके और स्वीकृत भवन समय पर तैयार हो सकें।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने तथा दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संबंधितों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब और निर्देशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अधूरे कार्य जल्द पूरे हों और भवन उपयोग के लिए तैयार किए जाएं।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास माधुरी रजक, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, निर्माण विभाग के इंजीनियर, संबंधित परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) तथा अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर पोषण, देखभाल और प्रारंभिक बाल शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। ऐसे में निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करना विभागीय अधिकारियों और संबंधित निर्माण एजेंसियों की जिम्मेदारी है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *