भोपाल। मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने प्रो. दीन दयाल बेदिया को विश्वविद्यालय का नया कुलगुरु नियुक्त किया है। इस संबंध में लोक भवन, भोपाल से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
— जारी आदेश के अनुसार
जारी आदेश के अनुसार, प्रो. दीन दयाल बेदिया वर्तमान में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के पं. जवाहरलाल नेहरू व्यवसाय प्रबंध संस्थान में व्यवसाय प्रबंध के प्रोफेसर हैं। उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष की अवधि अथवा 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, के लिए बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का कुलगुरु नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 13 की उपधारा (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि उनकी सेवा शर्तें एवं निबंधन विश्वविद्यालय के परिनियम-1 के अनुसार निर्धारित होंगे।
पुलिस सत्यापन के अधीन नियुक्ति
राजभवन से जारी आदेश के साथ यह भी स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति संतोषजनक पुलिस सत्यापन एवं अभिलेखों के सत्यापन की प्रत्याशा में की गई है। यदि सत्यापन में प्रो. बेदिया सेवा के लिए अयोग्य पाए जाते हैं, तो उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त की जा सकेगी। उन्हें अपने मूल अभिलेखों का तत्काल सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं
आदेश की प्रतिलिपि उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव, आयुक्त उच्च शिक्षा, संबंधित विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं एवं कुलसचिव सहित अन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई है। साथ ही आदेश को आगामी राजपत्र में प्रकाशित करने के लिए शासकीय केंद्रीय मुद्रणालय, भोपाल को भी अग्रेषित किया गया है।

