डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, डीएफओ अशोक सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों और शासन की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय पर कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
50 से 100 दिन पुरानी शिकायतों पर जताई नाराजगी
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 50 से 100 दिवस पुरानी शिकायतों के निराकरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतों को प्राथमिकता के साथ लिया जाए और शिकायतकर्ता से समन्वय स्थापित कर संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को लंबित शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण और विभागवार प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
अधूरे काम पर नल-जल योजना का हैंडओवर लिया तो होगी कार्रवाई
पीएचई विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नल-जल योजनाओं के हैंडओवर को लेकर सख्ती दिखाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना का प्रत्येक कार्य पूर्ण होने और संबंधित घरों तक पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होने के बाद ही हैंडओवर लिया जाए। बिना कार्य पूर्ण किए हैंडओवर लिए जाने वाले मामलों की जांच कर पंचनामा तैयार करने और तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि कार्य में लापरवाही या नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सेवानिवृत्ति से पहले पूरे हों पेंशन प्रकरण
बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका की समय रहते जांच कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएं, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को भुगतान और अन्य स्वत्वों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ समय पर निराकरण करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
स्वच्छता अभियान में अधिकारी-कर्मचारी भी निभाएं सक्रिय भूमिका
कलेक्टर ने जिलेभर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अधिकारी और कर्मचारी स्वयं अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को बढ़ावा दें।
शिविर लगाकर बनाए जाएं आयुष्मान और आधार कार्ड
कलेक्टर ने विकासखंड एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड तथा समग्र ई-केवायसी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जाए और उन्हें मौके पर ही आवश्यक सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए।
कोदो-कुटकी और खरीफ पंजीयन में किसानों को न हो परेशानी
बैठक में कोदो-कुटकी तथा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसानों के पंजीयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन कार्य पूर्ण कराने तथा किसानों को पंजीयन के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि समय-सीमा की बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और निर्धारित अवधि में कार्रवाई पूरी कर प्रगति से अवगत कराएं।
