मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में पंचायत उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) में निर्वाचन ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक 677 सुभाष महोबिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिंहपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक सुभाष महोबिया की ड्यूटी पंचायत उप निर्वाचन के तहत प्राथमिक पाठशाला अमरहा स्थित पोलिंग बूथ पर लगाई गई थी। उन्हें थाना सिंहपुर से ड्यूटी स्थल पर समय पर उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया था।
इसी दौरान थाना प्रभारी सिंहपुर द्वारा पोलिंग बूथ अमरहा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रधान आरक्षक सुभाष महोबिया ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाए गए। निर्वाचन जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी में अनुपस्थित रहने को गंभीर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई की।
एसपी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक 677 सुभाष महोबिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर थाना पौंध से संबद्ध कर दिया है। निर्वाचन ड्यूटी में लापरवाही पर की गई इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
