डिंडौरी । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत विकासखंड करंजिया के ग्राम मोहतरा में आयोजित सिविल कैंप में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में पहुंचकर बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उनसे पूछा कि वे क्या खाते हैं, कैसे पढ़ते हैं और दिनचर्या कैसे बिताते हैं।
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि केंद्र में आने वाले बच्चों के साथ अपने बच्चों की तरह व्यवहार करें और उन्हें पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा मलेरिया से बचाव की जानकारी सरल भाषा में दें। उन्होंने कहा कि बच्चों को दी जाने वाली अच्छी जानकारी उनके माध्यम से परिवार तक भी पहुंच सकती है।
आंगनवाड़ी से दूर रहने वाले बच्चों पर रहे विशेष नजर
कलेक्टर ने कहा कि ऐसे बच्चों की पहचान की जाए, जो नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र नहीं आते हैं। कार्यकर्ता उनके परिवारों से घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को बच्चों के पोषण और आहार के महत्व की जानकारी दें तथा उन्हें नियमित रूप से आंगनवाड़ी भेजने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पोषण की कमी के कारण कोई भी बच्चा कमजोर न हो, इसके लिए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम किया जाए। बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ प्रारंभिक शिक्षा, स्वच्छता और दैनिक जीवन से जुड़ी जरूरी बातें भी सिखाई जाएं।
बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में 373 लोगों की स्वास्थ्य जांच
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम मोहतरा, गोपालपुर और पंडरी पानी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। तीनों केंद्रों पर कुल 373 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
इनमें 47 गर्भवती महिलाएं, 145 बच्चे, 78 पुरुष और 103 महिलाएं शामिल रहीं। दूरस्थ बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिली।
ग्रामीणों और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं कार्यकर्ता
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे ग्रामीणों और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांव में स्थानीय स्तर पर रहने के कारण वे ग्रामीणों से सहज संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझ सकती हैं। उन्होंने शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि आंगनवाड़ी बच्चों के सीखने और आगे बढ़ने की पहली सीढ़ी है। यदि बच्चों को यहां अच्छा पोषण, सकारात्मक वातावरण और प्रारंभिक शिक्षा मिलेगी, तो उनके सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव तैयार होगी। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडे सहित संबंधित अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
