Dindori Breaking News : रोते हुए नर्मदा पुल से महिल ने लगाई छलांग, आखिर ऐसा क्या हुआ कि देखते ही देखते जुट गई भीड़…?

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

गायत्री घाट के पास नदी से सुरक्षित निकाला गया, परिजनों के अनुसार एक दिन से घर से थी लापता

 

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिला मुख्यालय स्थित नर्मदा पुल पर गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल शोर मचाया, जिसके बाद गायत्री घाट पर मौजूद युवकों ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे महिला नर्मदा पुल के आसपास रोती-बिलखती दिखाई दी थी। स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ देर पुल पर बैठी रही और अचानक नदी में कूद गई। घटना के बाद घाट पर मौजूद युवकों ने तत्काल नदी में उतरकर महिला को पुल से लगभग 100 मीटर दूर गायत्री घाट के पास सुरक्षित बाहर निकाला।

 

नदी से बाहर आने के बाद महिला भावुक होकर परिवार में विवाद होने की बात कहती रही। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे शांत कराने और पुलिस को सूचना देने की सलाह दी, लेकिन उसने शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। काफी देर तक पूछताछ के बावजूद उसने अपना नाम और पता नहीं बताया।

 

कुछ समय बाद महिला का ममेरा भाई घटनास्थल पर पहुंचा और उसे अपने साथ घर ले गया। परिजनों ने बताया कि महिला एक दिन पहले से घर से लापता थी और उसकी तलाश की जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शी गुलाबवती, जो नर्मदा पुल के पास पूजन सामग्री की दुकान संचालित करती हैं, ने बताया कि महिला सुबह से ही काफी परेशान और रोती हुई नजर आ रही थी। स्थानीय लोगों ने युवकों की सूझबूझ और साहस की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से महिला की जान बच गई।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *