जनजातीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश ने प्राचार्य संवर्ग में पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के सभी सहायक आयुक्तों एवं जिला संयोजकों से विभिन्न संवर्गों के रिक्त पदों की जानकारी तलब की है। इस संबंध में आयुक्त, जनजातीय कार्य, भोपाल द्वारा 25 जुलाई 2026 को अलग-अलग पत्र जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार प्राचार्य प्रथम श्रेणी, प्राचार्य उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं प्राचार्य हाईस्कूल संवर्ग के रिक्त पदों का विस्तृत विवरण निर्धारित प्रारूप में 28 जुलाई 2026 तक विभागीय ई-मेल shikshasthapna.ctd@mp.gov.in पर अनिवार्य रूप से भेजना होगा।
विभाग ने जानकारी मांगी है कि संबंधित विद्यालय में नियमित प्राचार्य पदस्थ हैं या नहीं। यदि पद रिक्त है और किसी प्रभारी प्राचार्य को दायित्व दिया गया है, तो उनके नाम, मूल पद तथा प्रभारी बनाए जाने के आदेश क्रमांक एवं दिनांक की जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी। आदेश की छायाप्रति संलग्न करना भी आवश्यक होगा।
निर्देश में यह भी कहा गया है कि सभी जानकारी एक्सेल, मंगल फॉन्ट और पीडीएफ प्रारूप में समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाए, ताकि पदोन्नति के बाद पदस्थापना की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। इस आदेश की प्रतिलिपि सभी संभागीय उपायुक्तों को भी भेजी गई है, ताकि अधीनस्थ कार्यालयों से समय पर जानकारी संकलित कर मुख्यालय को भेजी जा सके।
