— प्राचार्य मिले अनुपस्थित, शिक्षकों को समय पर पहुंचने के निर्देश; विद्यार्थियों के लिए हर शनिवार सामान्य ज्ञान कक्षा शुरू करने के निर्देश
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर शनिवार को एसडीएम रामबाबू देवांगन ने शासकीय हाई स्कूल घानाघाट एवं एकीकृत माध्यमिक शाला घानाघाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय हाई स्कूल घानाघाट में गंभीर लापरवाही सामने आई। सुबह करीब 10:30 बजे तक विद्यालय का मुख्य द्वार बंद मिला और छात्र-छात्राएं परिसर के बाहर बैठे हुए थे। वहीं विद्यालय के प्राचार्य रामलाल रजक भी मौके पर अनुपस्थित पाए गए, जबकि अन्य शिक्षक बाद में विद्यालय पहुंचे।
विद्यालय की इस स्थिति पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय का संचालन निर्धारित समय पर हो तथा सभी शिक्षक समय से उपस्थित होकर शैक्षणिक कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, सामान्य ज्ञान और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अभी से शुरू करने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय में प्रत्येक शनिवार सामान्य ज्ञान की विशेष कक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास हो और वे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
इसके बाद एसडीएम रामबाबू देवांगन ने एकीकृत माध्यमिक शाला घानाघाट का निरीक्षण किया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले। उन्होंने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का जायजा लिया और निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और नियमित अध्ययन व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों की कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।




