— उप संचालक, संयुक्त संचालक, अपर संचालक और सहायक संचालक के पदों पर पदोन्नति के आदेश जारी, नए पदस्थापना आदेश अलग से होंगे जारी।
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के जनसंपर्क विभाग ने लंबे समय से प्रतीक्षित विभागीय पदोन्नतियों के आदेश जारी कर दिए हैं। विभागीय पदोन्नति समिति की 15 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक की अनुशंसा के आधार पर कुल 36 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न पदों पर पदोन्नत किया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार 4 अधिकारियों को अपर संचालक जनसंपर्क (लेवल-15), 8 अधिकारियों को संयुक्त संचालक जनसंपर्क (लेवल-14), 16 अधिकारियों को उप संचालक जनसंपर्क (लेवल-13) और 8 अधिकारियों को सहायक संचालक जनसंपर्क (लेवल-12) के पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदोन्नत किया गया है।
— जारी आदेश के मुताबिक
विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नत अधिकारी वर्तमान में जिस विभाग अथवा कार्यालय में पदस्थ हैं, वहीं उच्च पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। नए पदस्थापना आदेश पृथक से जारी किए जाएंगे। साथ ही पदोन्नत कर्मचारियों को अपने पूर्व पद के कार्यभार से तत्काल प्रभाव से मुक्त माना जाएगा।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि सभी पदोन्नतियां मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 तथा आरक्षण संबंधी प्रावधानों के अनुरूप की गई हैं। ये पदोन्नतियां उच्चतम न्यायालय में लंबित प्रकरणों एवं भविष्य में पारित होने वाले न्यायिक आदेशों के अधीन रहेंगी। इसके अलावा पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आदेश प्राप्त होने की तिथि से एक माह के भीतर वेतन निर्धारण संबंधी विकल्प प्रस्तुत करना होगा।

